You are currently viewing UP Politics: सपा सांसद के घर में BJP की सेंध! रामप्रसाद चौधरी के भतीजे अरविंद ने थामा बीजेपी का दामन, कुर्मी वोट बैंक पर नजर

UP Politics: सपा सांसद के घर में BJP की सेंध! रामप्रसाद चौधरी के भतीजे अरविंद ने थामा बीजेपी का दामन, कुर्मी वोट बैंक पर नजर

UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने पूर्वांचल में अपना सियासी कुनबा बढ़ाना शुरू कर दिया है। बुधवार को बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद कुमार चौधरी ने समाजवादी पार्टी छोड़कर बीजेपी की सदस्यता ले ली। उनके साथ सपा नेता अनिल यादव समेत कई अन्य नेताओं ने भी पार्टी का दामन थामा। लखनऊ में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने उन्हें सदस्यता दिलाई। अरविंद चौधरी का बीजेपी में जाना इसलिए खास है, क्योंकि वह बस्ती से सपा सांसद रामप्रसाद चौधरी के भतीजे हैं।

सपा सांसद रामप्रसाद चौधरी के परिवार में बीजेपी की सेंधमारी

अरविंद कुमार चौधरी की बीजेपी में एंट्री को समाजवादी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इसकी वजह उनका राजनीतिक और पारिवारिक प्रभाव है। अरविंद, बस्ती से समाजवादी पार्टी के सांसद रामप्रसाद चौधरी के भतीजे हैं। रामप्रसाद चौधरी पूर्वांचल में कुर्मी समाज के मजबूत नेताओं में गिने जाते हैं।

खास बात यह है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में रामप्रसाद चौधरी ने बीजेपी उम्मीदवार हरीश द्विवेदी को हराकर बस्ती सीट पर जीत हासिल की थी। अब उनके ही परिवार के अरविंद चौधरी का बीजेपी में शामिल होना सपा के लिए नई चुनौती बन सकता है।

कौन हैं अरविंद कुमार चौधरी, जिन्होंने बदला राजनीतिक पाला?

अरविंद कुमार चौधरी पहले भी सांसद रह चुके हैं। साल 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर बस्ती से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार राजकिशोर सिंह को हराकर जीत दर्ज की थी।

वह 2009 से 2014 तक बस्ती के सांसद रहे। अब बीजेपी में शामिल होकर उन्होंने अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत की है। अरविंद चौधरी की पहचान कुर्मी समाज के प्रभावशाली नेताओं में होती है। बस्ती के साथ गोरखपुर, देवीपाटन और अयोध्या मंडल में भी उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।

यूपी चुनाव 2027 से पहले कुर्मी वोट बैंक पर बीजेपी का फोकस

अरविंद चौधरी को बीजेपी में शामिल कराने के पीछे कुर्मी वोट बैंक का चुनावी गणित भी अहम माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी दोनों इस समुदाय को अपने साथ जोड़ने की कोशिश में जुटी हैं।

कुर्मी समाज को प्रदेश के बड़े ओबीसी समुदायों में गिना जाता है। माना जाता है कि यादवों के बाद ओबीसी वर्ग में कुर्मी समाज की आबादी काफी प्रभावशाली है। यूपी की लगभग 50 से 60 विधानसभा सीटों पर इस समुदाय के वोट चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकते हैं।

2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी को हुआ था नुकसान

पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी को पूर्वांचल की कई सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था। इन सीटों पर कुर्मी मतदाताओं की भूमिका काफी अहम मानी गई थी। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी को कुर्मी वोटरों का समर्थन मिलने से उसे पूर्वी उत्तर प्रदेश में फायदा हुआ।

बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, महराजगंज, मिर्जापुर और सोनभद्र जैसे इलाकों में कुर्मी मतदाताओं का प्रभाव माना जाता है। ऐसे में बीजेपी अरविंद चौधरी जैसे नेताओं के जरिए इस वोट बैंक में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।

कप्तानगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा तेज

बीजेपी में शामिल होने के बाद अरविंद कुमार चौधरी के चुनाव लड़ने को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सियासी गलियारों में कहा जा रहा है कि बीजेपी उन्हें बस्ती की कप्तानगंज विधानसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है।

हालांकि, अभी तक इस संबंध में न तो बीजेपी ने कोई घोषणा की है और न ही अरविंद चौधरी ने अपनी उम्मीदवारी को लेकर कोई बयान दिया है। फिलहाल इतना तय है कि उनकी बीजेपी में एंट्री से बस्ती और आसपास के जिलों में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि आने वाले चुनाव में बीजेपी को इस सियासी बदलाव का कितना फायदा मिलता है।

Spread the love

Leave a Reply