UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में अयोध्या एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर लगातार दावे किए जा रहे हैं। सपा नेता पवन पांडेय ने 12 दिसंबर को उनके अयोध्या पहुंचने की बात कही है, लेकिन अखिलेश यादव ने बुधवार को इस पर खुलकर कुछ नहीं कहा। लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने भगवान सबके होने की बात कही और केदारेश्वर से लेकर मथुरा तक दर्शन करने का जिक्र किया। उनके जवाब से अयोध्या दौरे को लेकर बना सस्पेंस बरकरार है।
12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे अखिलेश? जवाब में कही ये बात
अखिलेश यादव से जब पूछा गया कि क्या वह 12 दिसंबर को अयोध्या जाकर राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे, तो उन्होंने सीधे हां या ना में जवाब नहीं दिया। सपा प्रमुख ने कहा कि भगवान सबके हैं। हर धर्म में भगवान को याद करने के अलग-अलग तरीके और रास्ते होते हैं।
उन्होंने कहा कि वह कहीं भी जा सकते हैं। केदारेश्वर भी जाएंगे और मथुरा भी जाएंगे। पहले भी दर्शन करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। अखिलेश ने कहा कि पीडीए का मतलब पहले दर्शन और फिर आशीर्वाद भी है। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने पूरे जवाब में अयोध्या का नाम नहीं लिया।
शिवपाल को शिव और रामगोपाल को बताया राम
अयोध्या दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने अपने चाचा शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव का नाम लेकर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हमारे घर में शिव और राम दोनों पहले से हैं। हमें तो पहले से ही राम का आशीर्वाद मिल रहा है।
अखिलेश का इशारा शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव की तरफ था। इसके बाद उन्होंने अयोध्या के सपा सांसद अवधेश प्रसाद और पार्टी नेता पवन पांडेय का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब हमारे पास अवधेश जी और पवन पहले से हैं तो फिर घबराने की क्या बात है?
बीजेपी पर तंज, बोले- अंगद पैर कहां रखेगा?
सपा प्रमुख ने इस दौरान बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपाई परेशान हैं क्योंकि उनकी जमीन खिसक गई है। अब अंगद पैर कहां रखेगा? अखिलेश ने रामायण और भगवान राम का जिक्र करते हुए कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया भी रामायण मिलन जैसे कार्यक्रम कराया करते थे।
उनके इस बयान को अयोध्या और राम मंदिर के मुद्दे पर बीजेपी को जवाब देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अखिलेश लगातार यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि भगवान और धर्म पर किसी एक पार्टी का अधिकार नहीं है।
पवन पांडेय ने किया था अयोध्या दौरे का दावा
दरअसल, अयोध्या से समाजवादी पार्टी के नेता पवन पांडेय ने एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में कहा था कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या आएंगे। इस दौरान वह राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे। लेकिन अखिलेश यादव की ओर से अब तक इस कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गरीब महिलाओं को तेल और घी देने का अखिलेश ने किया वादा
मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने अयोध्या दीपोत्सव के बाद दीयों से बचा तेल लेने पहुंचीं गरीब महिलाओं की पिटाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गरीबों को तेल के साथ घी भी दिया जाएगा।
उन्होंने बुंदेलखंड पैकेज का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी सरकार में लोगों को तेल और घी उपलब्ध कराया गया था। भविष्य में भी समाजवादी सरकार बनने पर गरीब परिवारों को पौष्टिक खाना देने का इंतजाम किया जाएगा। अखिलेश ने सवाल उठाया कि गरीबों को आखिर किस तरह का भोजन मिल रहा है?
अयोध्या घोटालों की जांच और ठेकेदारों पर भी घेरा
अखिलेश यादव इससे पहले भी अयोध्या को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोल चुके हैं। उन्होंने कहा था कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अयोध्या में हुए घोटालों की जांच कराई जाएगी। इस जांच में बीजेपी नेताओं से लेकर अधिकारियों तक किसी को भी नहीं छोड़ा जाएगा।
उन्होंने अयोध्या में काम कर रहे बाहरी ठेकेदारों को हटाने की बात भी कही थी। ऐसे में अखिलेश के अयोध्या दौरे की चर्चा ने यूपी की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या सपा प्रमुख 12 दिसंबर को वास्तव में अयोध्या पहुंचते हैं या फिर यह कार्यक्रम बदल जाता है।

