UP Politics: 16 नवंबर को प्रयागराज के जिला पंचायत सभागार में निषाद पार्टी की नवनियुक्त मंडलीय और जनपदीय कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद पहुंचे। उन्होंने नए पदाधिकारियों को पद की जिम्मेदारी संभालने और पार्टी के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी ने प्रयागराज और आसपास के जिलों में संगठन को मजबूत करने का संदेश भी दिया।
निषाद पार्टी ने आलोचकों को चुनावी नतीजों से दिया जवाब
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय निषाद ने पार्टी के राजनीतिक सफर की चर्चा की। उन्होंने कहा कि 11 साल पहले जब निषाद पार्टी की शुरुआत हुई थी, तब कई लोग इसका मजाक उड़ाते थे। उन्हें लगता था कि निषाद समाज की अलग राजनीतिक पार्टी ज्यादा आगे नहीं बढ़ पाएगी।
लेकिन पार्टी ने अपने प्रदर्शन से सभी को जवाब दिया। डॉ. निषाद के मुताबिक, 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का एक विधायक बना था, जबकि 2022 में यह संख्या बढ़कर 11 हो गई। उन्होंने कहा कि पार्टी का सफर कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समाज के समर्थन से आगे बढ़ा है।
महाराज गुह्यराज निषाद के सम्मान को बताया बड़ी उपलब्धि
संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी की लड़ाई केवल राजनीतिक हिस्सेदारी तक सीमित नहीं है। पार्टी समाज के इतिहास, पहचान और सम्मान को भी स्थापित करना चाहती है। उन्होंने श्रृंगवेरपुर धाम का उदाहरण देते हुए कहा कि आज इस स्थान को आस्था और गौरव के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
उन्होंने बताया कि यहां प्रभु श्रीराम और महाराज गुह्यराज निषाद की गले मिलते हुए भव्य प्रतिमा के साथ पार्क और म्यूजियम का निर्माण कराया गया है। वहीं, अयोध्या में राम मंदिर के पास बने अतिथि गृह का नाम भी महाराज गुह्यराज निषाद के नाम पर रखा गया है। उन्होंने इसे निषाद समाज के संघर्ष और समर्पण का परिणाम बताया।
2027 चुनाव के लिए करछना, हंडिया और बारा पर नजर
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर डॉ. संजय निषाद ने कहा कि 2022 में पार्टी ने प्रयागराज जिले की दो सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस बार पार्टी तीन सीटों पर अपनी तैयारी कर रही है। इनमें करछना, हंडिया और बारा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी सिर्फ प्रयागराज जिले तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे मंडल की पांच विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। हालांकि, इन सीटों पर चुनाव लड़ने की अंतिम रणनीति गठबंधन और चुनावी परिस्थितियों के अनुसार तय होगी।
पुराने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ेगी पार्टी
डॉ. निषाद ने नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी का एहसास कराते हुए कहा कि अब सभी को चुनावी तैयारी में जुट जाना चाहिए। प्रदेश के सभी जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है। ऐसे में पुराने और नए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत ही चुनाव में पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी होगी। इसलिए सभी पदाधिकारी एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाएं।

