You are currently viewing UP Government Holiday List 2027: योगी सरकार का बड़ा फैसला, तीन नई छुट्टियां जुड़ीं; होली पर मिलेगा 4 दिन का ब्रेक

UP Government Holiday List 2027: योगी सरकार का बड़ा फैसला, तीन नई छुट्टियां जुड़ीं; होली पर मिलेगा 4 दिन का ब्रेक

UP Government Holiday List 2027: उत्तर प्रदेश में साल 2027 के सरकारी छुट्टियों के कैलेंडर का इंतजार खत्म हो गया है। योगी सरकार ने मंगलवार को अगले साल की छुट्टियों की सूची जारी कर दी। इस बार कैलेंडर में तीन नए सार्वजनिक अवकाश जोड़े गए हैं। मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती पर अब सरकारी कर्मचारियों को सार्वजनिक छुट्टी मिलेगी। वहीं, होली और दिवाली पर भी कर्मचारियों को लगातार छुट्टियों का फायदा मिलेगा।

यूपी सरकारी छुट्टियां 2027: होली पर चार दिन की छुट्टी का मौका

अगले साल होली पर सरकारी कर्मचारियों को लंबा ब्रेक मिलने वाला है। 22 मार्च सोमवार को होलिका दहन और 23 मार्च मंगलवार को रंगों की होली मनाई जाएगी। पांच दिन काम करने वाले सरकारी कार्यालयों में शनिवार और रविवार के साप्ताहिक अवकाश को जोड़ दें तो कर्मचारियों को लगातार चार दिन की छुट्टी मिलेगी।

दिवाली पर भी कर्मचारियों को तीन दिन का ब्रेक मिलेगा। 29 अक्टूबर शुक्रवार को दीपावली है, जबकि 30 अक्टूबर शनिवार को गोवर्धन पूजा मनाई जाएगी। इसके बाद 31 अक्टूबर को रविवार होने के कारण कर्मचारियों को तीन दिन की लगातार छुट्टी मिल जाएगी।

योगी सरकार ने 2027 के कैलेंडर में जोड़ीं तीन नई सार्वजनिक छुट्टियां

इस बार सरकार ने मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। पहले ये तीनों दिन निर्बंधित अवकाश की सूची में आते थे। अब कर्मचारियों को इन अवसरों पर नियमित सार्वजनिक छुट्टी मिलेगी।

माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव वाले साल में इन त्योहारों को सार्वजनिक अवकाश की सूची में शामिल करने के राजनीतिक मायने भी हैं। मकर संक्रांति का धार्मिक महत्व है, जबकि संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि जयंती का दलित समाज में विशेष स्थान है।

सरकारी कर्मचारियों को मिलेंगी 26 सार्वजनिक और 27 निर्बंधित छुट्टियां

जारी कैलेंडर के मुताबिक, 2027 में कर्मचारियों को 26 सार्वजनिक अवकाश और 27 निर्बंधित अवकाश मिलेंगे। इसके अलावा दो छुट्टियां कार्यकारी आदेशों के तहत घोषित की गई हैं।

हालांकि, सार्वजनिक छुट्टियों में से चार रविवार और छह शनिवार को पड़ रही हैं। इस वजह से कर्मचारियों को कुछ छुट्टियों का अतिरिक्त फायदा नहीं मिल पाएगा। अगर ये छुट्टियां दूसरे कार्यदिवसों में पड़तीं तो कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान लंबा अवकाश मिल सकता था।

जनवरी से दिसंबर तक 2027 की सरकारी छुट्टियों की पूरी सूची

जनवरी में 14 जनवरी को मकर संक्रांति और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की छुट्टी रहेगी। फरवरी में 20 फरवरी को संत रविदास जयंती और मार्च में 6 मार्च को महाशिवरात्रि, 10 मार्च को ईद-उल-फितर, 22 मार्च को होलिका दहन, 23 मार्च को होली और 26 मार्च को गुड फ्राइडे का अवकाश रहेगा।

अप्रैल में 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती, 15 अप्रैल को रामनवमी और 19 अप्रैल को महावीर जयंती की छुट्टी होगी। मई में 17 मई को बकरीद और 20 मई को बुद्ध पूर्णिमा का अवकाश रहेगा। जून में 16 जून को मोहर्रम मनाया जाएगा।

अगस्त में स्वतंत्रता दिवस और ईद-ए-मिलाद 15 अगस्त को, रक्षाबंधन 17 अगस्त को और जन्माष्टमी 24 अगस्त को होगी। अक्टूबर में गांधी जयंती, दशहरा, वाल्मीकि जयंती, दिवाली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज की छुट्टियां रहेंगी। नवंबर में 14 नवंबर को गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा तथा दिसंबर में 12 दिसंबर को हजरत अली का जन्म दिवस और 25 दिसंबर को क्रिसमस का अवकाश होगा।

निर्बंधित अवकाश और पांच दिवसीय दफ्तरों के लिए भी जारी हुए निर्देश

निर्बंधित अवकाश की सूची में 1 जनवरी को नववर्ष, 24 जनवरी को शब-ए-बरात और कर्पूरी ठाकुर जयंती, 11 फरवरी को बसंत पंचमी, 5 मार्च को जमात-उल-विदा, 8 मई को परशुराम जयंती और 9 मई को महाराणा प्रताप जयंती शामिल हैं।

इसके अलावा 25 जुलाई को हरितालिका तीज, 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा, 4 नवंबर को छठ पूजा, 16 नवंबर को ऊदा देवी शहीद दिवस और 23 दिसंबर को चौधरी चरण सिंह जयंती भी निर्बंधित अवकाश में शामिल हैं।

सरकार के निर्देश के मुताबिक, पांच दिवसीय सप्ताह वाले विभागों में कार्यकारी आदेशों और स्थानीय स्तर पर घोषित छुट्टियां लागू नहीं होंगी। 15 जनवरी और 24 नवंबर को विशेष अवकाश रहेगा, जबकि 1 अप्रैल को वार्षिक लेखाबंदी के कारण केवल बैंक और कोषागार बंद रहेंगे।

Spread the love

Leave a Reply