You are currently viewing UP Politics: ‘योगी नहीं तो यूपी नहीं’, संजय राउत के बयान से मची सियासी हलचल, BJP में CM चेहरे पर छिड़ी नई बहस

UP Politics: ‘योगी नहीं तो यूपी नहीं’, संजय राउत के बयान से मची सियासी हलचल, BJP में CM चेहरे पर छिड़ी नई बहस

UP Politics: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर एक ऐसा बयान सामने आया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। INDIA गठबंधन का हिस्सा शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने सीएम योगी की तारीफ करते हुए उन्हें काबिल नेता बताया है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा हैं और ‘योगी नहीं तो यूपी नहीं’। उनके इस बयान को लेकर अब सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

संजय राउत ने क्यों की CM योगी की तारीफ? जानिए पूरा बयान

संजय राउत ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ में कई बातें कहीं। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ एक काबिल आदमी हैं और वह भी उनसे बहुत प्यार करते हैं। राउत ने योगी को हिंदुत्व का ऐसा चेहरा बताया, जो सबसे ऊपर है।

उन्होंने कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ ने खुद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताया है तो यह तारीफ के काबिल है। इसका मतलब है कि उन्हें अपने समर्थन और बहुमत को लेकर पूरा भरोसा है। राउत के मुताबिक, योगी को विश्वास है कि चुनाव के बाद जीतकर आने वाले विधायक उनका समर्थन करेंगे और विधायक दल की बैठक में उन्हें ही नेता चुना जाएगा।

संजय राउत का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि वह INDIA गठबंधन के नेता हैं और उनकी सहयोगी पार्टियां उत्तर प्रदेश में भाजपा को चुनौती देने की तैयारी कर रही हैं।

CM योगी ने मुख्यमंत्री चेहरे पर क्या दिया था जवाब?

संजय राउत के बयान से एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीएम फेस को लेकर अपनी बात रखी थी। बुधवार को जब उनसे पूछा गया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, तो उन्होंने कमल के निशान का जिक्र किया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पार्टी में कौन मुख्यमंत्री पद का चेहरा है और कौन नहीं, यह सभी लोग जानते हैं। उन्होंने साफ किया कि भाजपा का चुनाव कमल के निशान पर ही लड़ा जाएगा और वह भी इसी निशान पर चुनाव लड़ेंगे।

उनके इस जवाब के बाद राजनीतिक हलकों में सवाल उठने लगे कि क्या भाजपा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान करेगी या फिर पार्टी कमल के निशान को ही अपना सबसे बड़ा चुनावी चेहरा बनाए रखेगी।

केशव प्रसाद मौर्य के बयान ने भी बढ़ाई राजनीतिक चर्चा

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पहले ही बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि भाजपा का चेहरा कमल है और विधानसभा चुनाव पार्टी इसी चुनाव चिह्न पर लड़ेगी।

मौर्य ने यह भी कहा था कि चुनाव खत्म होने के बाद नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक होगी। केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विधायक दल का नेता चुना जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं, लेकिन चुनाव के बाद इस पद पर कौन रहेगा, इसका फैसला विधायक करेंगे।

इस बयान के बाद भाजपा के अंदर नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं को फिर से हवा मिल गई है।

जितिन प्रसाद ने किया योगी की वापसी का दावा

वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। उन्होंने गुरुवार को दावा किया कि भाजपा उत्तर प्रदेश में फिर से बहुमत हासिल करेगी और योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री के रूप में मजबूत जनादेश के साथ वापसी करेंगे।

जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मिलकर प्रदेश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है।

2022 के चुनाव में भाजपा ने हासिल किया था पूर्ण बहुमत

उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 255 सीटों पर जीत दर्ज की थी। पार्टी ने कुल 376 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। वहीं, समाजवादी पार्टी 111 सीटें जीतकर दूसरे स्थान पर रही थी। सपा ने 347 सीटों पर चुनाव लड़ा था।

कांग्रेस को 399 सीटों पर चुनाव लड़ने के बाद सिर्फ 2 सीटें मिली थीं। बहुजन समाज पार्टी के खाते में एक सीट आई थी, जबकि राष्ट्रीय लोकदल ने 8 सीटों पर जीत हासिल की थी।

अब भाजपा की नजर लगातार तीसरी बार सरकार बनाने पर है। वहीं, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी गठबंधन के जरिए भाजपा को चुनौती देने की तैयारी में हैं। ऐसे में चुनाव से पहले मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर भाजपा नेताओं के बयान और संजय राउत की योगी आदित्यनाथ की तारीफ ने प्रदेश की सियासत को नया मुद्दा दे दिया है।

Spread the love

Leave a Reply