UP Politics: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सूबे की सियासत को लेकर एक बार फिर तीखा तंज कसा है. राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से सीधे सपा प्रमुख को ‘राजा बाबू’ कहकर संबोधित किया और सवाल दागा, “राजा बाबू उर्फ अखिलेश यादव जी! क्या हो रहा है सपा में? आपकी पार्टी के यादव कार्यकर्ता कुर्मियों का नेतृत्व क्यों नहीं बर्दाश्त कर पा रहे हैं?” राजभर ने सपा के भीतर की आंतरिक गुटबाजी को हवा देते हुए पूछा कि आखिर समाजवादी पार्टी में गैर-यादव जाति के नेताओं को सहन क्यों नहीं किया जा रहा है?
सपा में जातिगत कलह के सबूत
अपने आरोपों को पुख्ता करने के लिए सुभासपा अध्यक्ष ने प्रदेश के कई जिलों में हुई हालिया घटनाओं का ब्यौरा दिया. उन्होंने अखिलेश यादव को याद दिलाते हुए कहा कि चंदौली में आपकी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के साथ यादव कार्यकर्ताओं ने मारपीट की. वहीं बांदा में आपके ही यादव विधायक ने कुर्मी समाज से आने वाली सांसद कृष्णा देवी शिव शंकर पटेल को खुलेआम भद्दी गालियां दीं. राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि प्रयागराज में सपा के यादव कार्यकर्ता खुद अपनी ही पार्टी के कुर्मी विधायक संदीप पटेल का पुरजोर विरोध कर रहे हैं. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि यह शर्मनाक विरोध प्रदर्शन तब हो रहा था, जब आप (अखिलेश यादव) स्वयं प्रयागराज में मौजूद थे.
‘यपा’ यानी ‘यादववादी पार्टी
ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी का नया नामकरण करते हुए उसे ‘यपा’ यानी ‘यादववादी पार्टी’ करार दिया. उन्होंने अखिलेश यादव को चेतावनी भरे लहजे में कहा, “धैर्य रखिए, जल्द ही अंबेडकरनगर में भी ऐसी ही कोई बड़ी घटना घटेगी.” राजभर ने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश की जागरूक कुर्मी बिरादरी के नेता और मतदाता यह भली-भांति जान चुके हैं कि ‘यादववादी पार्टी’ में उन्हें कभी सम्मान नहीं मिल सकता, बल्कि इसके बदले उन्हें केवल मारपीट और अपमान ही झेलना पड़ेगा. उन्होंने आगे तंज कसा कि आपको तो पता ही होगा कि साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में यह कुर्मी समाज आपके साथ क्या करने जा रहा है, मैंने इसकी भविष्यवाणी पहले ही कर दी है.
सपा राज के लौटने का डर
सपा प्रमुख अखिलेश यादव को घेरते हुए यूपी के कैबिनेट मंत्री ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का संगीन आरोप लगाया. राजभर ने कहा, “मैं अच्छी तरह जान रहा हूं कि आपके समर्थकों का एक वर्ग अपनी लाठी को तेल पिला रहा है, तो दूसरा वर्ग चाकू और तलवारों में धार लगवा रहा है.” उन्होंने सपा की मानसिकता पर प्रहार करते हुए कहा कि हमें मालूम है कि पिछले लगभग 10 साल से आप सत्ता से बाहर हैं और हम लोगों के खिलाफ अपने मन में गुस्सा भरकर बैठे हैं. आप बस किसी तरह सरकार बदलने का सपना देख रहे हैं ताकि ‘राजा बाबू’ फिर से मुख्यमंत्री बन जाएं और लाल टोपी लगाकर आपके गुंडे, मवाली और माफिया तत्व उत्तर प्रदेश के थानों पर दोबारा कब्जा कर सकें.

