Delimitation Bill: उत्तर प्रदेश की राजनीति में परिसीमन का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट की ओर से इस विधेयक को मंजूरी दिया जाना देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।
अमित शाह का कहना है कि इससे सभी राज्यों में जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने का रास्ता खुलेगा। ज्यादा प्रतिनिधि होने से जनता की समस्याओं को विधानसभा और संसद तक पहुंचाना आसान होगा। इससे सरकार और आम लोगों के बीच सीधा जुड़ाव भी बढ़ेगा।
विधानसभा की सीटें 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव
गृहमंत्री ने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 170(1) में संशोधन करके राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीटों की सीमा 500 से बढ़ाकर करीब 650 करने का प्रस्ताव रखा गया है। इस बदलाव से उत्तर प्रदेश को भी फायदा मिल सकता है। प्रदेश का बंटवारा किए बिना विधानसभा में प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाई जा सकेगी।
अमित शाह ने कहा कि अधिक विधायक होने से अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरतों को विधानसभा में बेहतर तरीके से उठाया जा सकेगा। इससे स्थानीय समस्याओं के समाधान और विकास योजनाओं को गति देने में मदद मिलेगी।
लोकसभा में यूपी का प्रतिनिधित्व 80 से बढ़कर 120 होने की चर्चा
परिसीमन को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटों को लेकर हो रही है। प्रस्ताव के पास होने पर प्रदेश की लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 होने की संभावना जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है तो राष्ट्रीय राजनीति में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व पहले से ज्यादा मजबूत हो सकता है।
अमित शाह ने इसे जनता की आवाज को सदन तक पहुंचाने वाला कदम बताया है। उनके मुताबिक, ज्यादा सांसद और विधायक अपने क्षेत्रों की प्राथमिकताओं को बेहतर तरीके से रख पाएंगे। इससे विकास कार्यों की योजना बनाने में भी मदद मिलेगी।
महिला आरक्षण से बदलेगी यूपी की राजनीति?
अमित शाह ने महिला आरक्षण को भी इस विधेयक का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि एक-तिहाई आरक्षण लागू होने से उत्तर प्रदेश की महिलाओं को राजनीति में अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व मिल सकता है। इससे महिलाओं की भागीदारी सिर्फ चुनाव लड़ने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नीति और फैसले लेने की प्रक्रिया में भी उनकी भूमिका बढ़ेगी।
उन्होंने प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों से इस विधेयक का समर्थन करने की अपील की। शाह के अनुसार, यह फैसला सुशासन, विकास और जनभागीदारी को नई मजबूती देगा।
अखिलेश यादव ने बीजेपी को घेरा, कहा- सबसे बड़ी भूल साबित होगा परिसीमन
जहां बीजेपी इस प्रस्ताव को ऐतिहासिक बता रही है, वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसका विरोध किया है। शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन बीजेपी की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि इसके पीछे उत्तर प्रदेश के चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की मंशा है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी को जब लगने लगा कि उत्तर प्रदेश का चुनाव उसके हाथ से निकल रहा है, तब उसने परिसीमन की कवायद शुरू कर दी। अखिलेश ने चंदा चोरी और श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़े विवादों का हवाला देते हुए बीजेपी पर निशाना साधा।
नोटबंदी का जिक्र कर अखिलेश ने सरकार पर साधा निशाना
सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी सरकार पहले भी कई बड़े फैसले ले चुकी है, लेकिन उनसे जनता को वैसा फायदा नहीं मिला, जैसा दावा किया गया था। उन्होंने नोटबंदी का उदाहरण देते हुए खजांची का जिक्र किया। अखिलेश ने कहा कि नोटबंदी के दौरान पैदा हुए खजांची का जन्मदिन आज भी उनकी पार्टी मनाती है।
संसद के विशेष सत्र पर टिकी सभी की नजरें
दरअसल, केंद्रीय मंत्रिमंडल की शुक्रवार को हुई बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े नए विधेयक को मंजूरी दिए जाने की बात सामने आई है। इसे अगले सप्ताह शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किए जाने की संभावना है। ऐसे में अब सभी की नजरें संसद की कार्यवाही पर हैं। यह देखना अहम होगा कि विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच क्या रुख सामने आता है।

