You are currently viewing UP News: CM योगी ने काशी तमिल संगमम से दिया एकता का संदेश, बताया कैसे जुड़ा है तमिलनाडु और काशी का रिश्ता

UP News: CM योगी ने काशी तमिल संगमम से दिया एकता का संदेश, बताया कैसे जुड़ा है तमिलनाडु और काशी का रिश्ता

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वाराणसी में काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया। नमो घाट पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत की असली पहचान उसकी संस्कृति और लोगों के बीच आपसी जुड़ाव से बनती है। राष्ट्र सिर्फ नक्शे से नहीं, बल्कि उन पुलों से बनता है जो एक दिल को दूसरे दिल से जोड़ते हैं। काशी तमिल संगमम भी उत्तर और दक्षिण भारत के बीच ऐसा ही सांस्कृतिक पुल है।

सीएम योगी ने कहा कि यह आयोजन सदियों पुराने रिश्तों को नई पहचान और मजबूती दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक भारत-श्रेष्ठ भारत का सपना भी ऐसे कार्यक्रमों से जमीन पर उतर रहा है।

गंगा-कावेरी का जिक्र कर योगी ने बताई भारतीय संस्कृति की ताकत

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में गंगा और कावेरी नदियों का उदाहरण देते हुए कहा कि काशी में गंगा बहती है और तमिलनाडु में कावेरी, लेकिन दोनों के किनारे रहने वाले लोगों के संस्कार एक जैसे हैं। भाषा अलग हो सकती है, लेकिन भारतीय संस्कृति और भावनाओं में कोई अंतर नहीं है। यही विविधता भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

तिरुक्कुरल पालम है इस बार काशी तमिल संगमम की थीम

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि साल 2022 में शुरू हुआ काशी तमिल संगमम अब एक बड़े आंदोलन का रूप ले चुका है। शुरुआत में जहां कुछ सौ मेहमान आते थे, वहीं अब हजारों विद्यार्थी, शिक्षक और शोधकर्ता इस आयोजन का हिस्सा बन रहे हैं।

इस बार कार्यक्रम की थीम ‘तिरुक्कुरल पालम’ यानी तिरुक्कुरल का अभ्यास करना रखी गई है। संत तिरुवल्लुवर की शिक्षाओं को दुनिया के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि तिरुक्कुरल में जीवन को समझने का गहरा दर्शन मिलता है। इसके तीन खंड अरम, पोरुल और इनबम धर्म, अर्थ और काम के सिद्धांतों पर आधारित हैं।

एक हजार शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी होंगे कार्यक्रम से कनेक्ट

इस बार काशी तमिल संगमम में शिक्षा और युवाओं की भागीदारी पर खास जोर दिया गया है। इसके तहत एक हजार उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़ा जा रहा है। तमिलनाडु के लगभग 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल पढ़ाएंगे। करीब 1400 मेहमान इस आयोजन में शामिल होंगे और काशी के साथ प्रयागराज तथा अयोध्या के धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण करेंगे।

तेनकाशी से काशी तक सदियों पुराना है सांस्कृतिक रिश्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु और काशी का संबंध काफी पुराना है। तमिलनाडु के तेनकाशी को दक्षिण की काशी कहा जाता है। यहां आदि वीर पराक्रम पांड्या ने काशी विश्वनाथ मंदिर का निर्माण कराया था। महर्षि अगस्त्य की तपस्या की याद काशी के अगस्त्य कुंड से जुड़ी है।

इसके अलावा संत कुमारगुरुपर ने काशी के केदार घाट पर साधना की और कुमारस्वामी मठ की स्थापना की थी। महाकवि सुब्रमण्य भारती ने भी काशी में रहकर पढ़ाई की थी। मट्टुकोट्टई चेट्टियार समाज करीब 200 वर्षों से बाबा विश्वनाथ की पूजा सामग्री पहुंचाने की परंपरा निभा रहा है।

काशी विश्वनाथ धाम से बदली तस्वीर, बढ़ीं आर्थिक गतिविधियां

योगी ने कहा कि काशी में अब श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद चार वर्षों में 26 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें करीब 70 प्रतिशत दक्षिण भारत से आए थे। इससे स्थानीय कारोबार को भी बड़ा फायदा हुआ है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस दौरान डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हुआ। इससे होटल, दुकान, गाइड, पुजारी और दूसरे स्थानीय कारोबारियों को रोजगार के अवसर मिले।

ज्ञान, अध्यात्म, कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए चार क्षेत्रों पर काम किया जा रहा है। इनमें ज्ञान, अध्यात्म, कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था शामिल हैं। बीएचयू और आईआईटी मद्रास के बीच साझेदारी से शिक्षा और शोध को बढ़ावा मिल रहा है। वहीं काशी, प्रयागराज और अयोध्या को आध्यात्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

सड़क, रेल, हवाई सेवा, रोपवे और जलमार्ग से कनेक्टिविटी मजबूत की जा रही है। इसके साथ ही विरासत आधारित पर्यटन और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है।

संसद का सेंगोल भी तमिल परंपरा की पहचान

अपने संबोधन के आखिर में योगी ने नई संसद में स्थापित सेंगोल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तमिल अधीनम के संतों के मार्गदर्शन में स्थापित सेंगोल भारतीय लोकतांत्रिक परंपरा में तमिल संस्कृति के योगदान और महत्व को दर्शाता है।

Spread the love

Leave a Reply