UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि पार्टी अपना चुनावी घोषणा पत्र 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के मौके पर जारी करेगी। सपा ने इस घोषणा पत्र को ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया है। अखिलेश यादव के मुताबिक, यह सिर्फ चुनावी वादों का दस्तावेज नहीं होगा, बल्कि ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ होगा, जिसमें समाज के हर वर्ग की जरूरतों और उम्मीदों को जगह दी जाएगी।
अखिलेश यादव का ऐलान: ‘सत्ताइस का संकल्प, पीडीए का प्रणपत्र’
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्टर साझा कर घोषणा पत्र जारी करने की तारीख बताई। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘सत्ताइस का संकल्प, पीडीए का प्रणपत्र।’ इसके साथ ही उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के लोकतांत्रिक मौके पर पार्टी ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ जारी करेगी। उनकी पोस्ट के साथ ‘पीडीए मैनिफेस्टो 2027’ का हैशटैग भी दिया गया।
इस ऐलान से साफ है कि समाजवादी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना राजनीतिक एजेंडा तैयार करना शुरू कर दिया है। पार्टी इस बार चुनावी मैदान में उतरने से पहले ही अपने वादों और प्राथमिकताओं को जनता के सामने रखने की तैयारी में है।
पीडीए फॉर्मूले पर सपा की नजर, पिछड़े-दलित और अल्पसंख्यक होंगे अहम
अखिलेश यादव के इस ऐलान के बाद माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी अपने घोषणा पत्र में पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े मुद्दों पर खास जोर दे सकती है। पार्टी पहले भी पीडीए को अपने राजनीतिक अभियान का प्रमुख आधार बनाती रही है।
हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि प्रणपत्र में किन योजनाओं, सुविधाओं और चुनावी वादों को शामिल किया जाएगा। पार्टी ने घोषणा पत्र की तारीख तो बता दी है, लेकिन इसकी विस्तृत रूपरेखा सामने आना बाकी है। अब लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि सपा रोजगार, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और विकास जैसे मुद्दों पर क्या वादे करती है।
संविधान दिवस पर घोषणा पत्र जारी करने के पीछे क्या है सपा की रणनीति?
समाजवादी पार्टी ने घोषणा पत्र जारी करने के लिए संविधान दिवस का दिन चुना है। इसे पार्टी की राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। सपा संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को अपने चुनावी अभियान में प्रमुखता दे सकती है।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता फखरुल हसन ने भी इस फैसले की वजह बताते हुए कहा कि संविधान दिवस पर घोषणा पत्र जारी करने का मकसद संविधान की रक्षा के मुद्दे को सामने लाना है। उनका आरोप है कि बीजेपी देश में लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। सपा और विपक्षी दल संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।
चुनाव से पहले जनता तक पहुंचेगा सपा का मैनिफेस्टो
सपा इस बार विधानसभा चुनाव की औपचारिक घोषणा से काफी पहले अपना घोषणा पत्र जारी करने की तैयारी में है। पार्टी की कोशिश होगी कि अपने वादों और योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जाए। इससे चुनाव से पहले जनता के बीच अपने मुद्दों पर चर्चा शुरू करने का मौका भी मिलेगा।
यूपी चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस गठबंधन और सीटों पर भी नजर
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं। बीजेपी अपने सहयोगी दलों के साथ चुनावी रणनीति बनाने में लगी है, वहीं सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है।
राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक, कांग्रेस गठबंधन में 100 से ज्यादा सीटों की मांग कर रही है, जबकि अखिलेश यादव मजबूत और जीतने की संभावना वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की बात कह रहे हैं। ऐसे में सपा के घोषणा पत्र के साथ-साथ गठबंधन की बातचीत और सीटों का बंटवारा भी आने वाले दिनों में यूपी की राजनीति के अहम मुद्दे बने रहेंगे।

