You are currently viewing UP News: रामविलास पासवान को यूपी में भी मिलेगा बिहार जैसा सम्मान: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

UP News: रामविलास पासवान को यूपी में भी मिलेगा बिहार जैसा सम्मान: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान को बिहार में जो सम्मान मिला है, वैसा ही सम्मान उत्तर प्रदेश में भी दिया जाएगा। उन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक न्याय की लड़ाई और दलितों व वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उनके योगदान को उत्तर प्रदेश में भी सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी गुरुवार को लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित दयाल बाग के एन ईको रिजॉर्ट में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी।

सामाजिक न्याय और दलितों के अधिकारों के लिए किया संघर्ष

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि करीब 50 साल पहले रामविलास पासवान ने बिहार की राजनीति में एक युवा नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। वह जल्द ही दलितों और वंचितों की मजबूत आवाज बन गए। बिहार की जनता ने उन्हें भारी मतों से संसद तक पहुंचाया और उन्होंने लोगों के भरोसे को हमेशा महत्व दिया।

योगी ने कहा कि रामविलास पासवान ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए अपना जीवन लगा दिया। उनका लक्ष्य समाज के हर वर्ग को न्याय और सम्मान दिलाना था। उन्होंने बिना किसी भेदभाव के सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाया और वंचित लोगों को समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान दिलाने का प्रयास किया।

बिहार में राष्ट्रीय समारोह के रूप में मनाई गई पुण्यतिथि

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में रामविलास पासवान की पुण्यतिथि राष्ट्रीय समारोह के रूप में मनाई जा रही है। उन्होंने इस आयोजन के लिए बिहार सरकार का आभार जताया। योगी ने कहा कि रामविलास पासवान केवल बातों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने अपने जीवन में भी उन्हीं विचारों का पालन किया, जिनकी वह सार्वजनिक रूप से बात करते थे।

उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान का जीवन सामाजिक समानता और लोगों के अधिकारों के लिए काम करने की प्रेरणा देता है। उनके विचार और समाज के कमजोर वर्गों के लिए किए गए काम हमेशा याद किए जाएंगे।

भारतीय परंपराओं में भी गहरा विश्वास रखते थे पासवान

मुख्यमंत्री योगी ने संसद में रामविलास पासवान के साथ बिताए समय को याद किया। उन्होंने कहा कि उन्हें लंबे समय तक उनके साथ काम करने का अवसर मिला। राजनीतिक विचारों में अंतर होने के बाद भी रामविलास पासवान के मन में भारतीय परंपराओं के प्रति गहरा सम्मान था। साथ ही, दलितों और वंचितों को न्याय दिलाने की उनकी प्रतिबद्धता भी मजबूत थी।

योगी ने कहा कि रामविलास पासवान का व्यवहार सरल और स्नेहपूर्ण था। अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में काम करते हुए भी उन्होंने अपना यही स्वभाव बनाए रखा। सार्वजनिक कार्यक्रमों और चुनावी सभाओं में उनका व्यवहार लोगों के दिलों को छू लेता था।

चिराग पासवान आगे बढ़ा रहे पिता की विरासत

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामविलास पासवान आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें हमेशा लोगों के साथ रहेंगी। यह संतोष की बात है कि उनके पुत्र और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अपने पिता के मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चिराग पासवान सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने के लिए चिराग पासवान का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान का जीवन समाज के कमजोर वर्गों को आगे बढ़ाने और उन्हें सम्मान दिलाने की प्रेरणा देता रहेगा।

भजनों के बीच रामविलास पासवान को किया याद

श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री योगी के संबोधन के बाद हरे राम-हरे कृष्ण भजन प्रस्तुत किए गए। भजनों से कार्यक्रम स्थल का माहौल भक्तिमय हो गया। वहां मौजूद लोगों ने रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया और समाज के लिए उनके योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, रामविलास पासवान के परिवार के सदस्य, उनके शुभचिंतक और अनुयायी शामिल हुए। सभी ने उनके जीवन, सामाजिक न्याय के लिए किए गए संघर्ष और दलितों व वंचितों के अधिकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया।

Spread the love

Leave a Reply