You are currently viewing Voter List 2027: लखनऊ में वोटर आईडी बनवाना हुआ आसान, 1950 पर कॉल करते ही मिलेगी मदद; 28-29 नवंबर को विशेष अभियान

Voter List 2027: लखनऊ में वोटर आईडी बनवाना हुआ आसान, 1950 पर कॉल करते ही मिलेगी मदद; 28-29 नवंबर को विशेष अभियान

Voter List 2027: मतदाता पहचान पत्र बनवाने या वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए अब लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लखनऊ जिला निर्वाचन कार्यालय ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को देखते हुए डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर (DCC) को सक्रिय कर दिया है।

इस सेंटर के माध्यम से मतदाताओं को फोन पर ही जरूरी जानकारी दी जाएगी। इसके लिए 0522-1950 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। अगर किसी का नाम मतदाता सूची से गायब है, वोटर आईडी में नाम या पता गलत है या फिर मतदान केंद्र की जानकारी चाहिए तो इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

सुबह 8 से रात 8 बजे तक मिलेगी वोटर आईडी से जुड़ी मदद

जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक, विधानसभा मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 17 नवंबर को हो चुका है। अब अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को जारी करने की तैयारी है। इसी बीच मतदाताओं की सुविधा के लिए ग्रीन इको गार्डन के पास गीतापल्ली स्थित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर से रोजाना सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक सहायता मिलेगी।

हेल्पलाइन पर नाम जोड़ने, नाम हटाने और मतदाता सूची में दर्ज विवरण को ठीक कराने की जानकारी मिलेगी। इसके अलावा डुप्लीकेट वोटर आईडी, रंगीन मतदाता पहचान पत्र और आधार से वोटर आईडी लिंक करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया जाएगा।

मतदाता अपने क्षेत्र के बीएलओ, ईआरओ और मतदान केंद्र का पता भी जान सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन करने से लेकर उसका स्टेटस देखने तक में मदद मिलेगी। इसके लिए निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और ECINET ऐप का विकल्प भी मौजूद है।

BLO करेंगे घर-घर सर्वे, छूटे हुए मतदाताओं के जुड़ेंगे नाम

मतदाता सूची में गड़बड़ियों को दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने जमीनी स्तर पर भी काम तेज कर दिया है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। साथ ही जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ा है, उनका पंजीकरण कराया जाएगा।

बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी ने लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य की जानकारी ली और एएसडी सूची में दर्ज मतदाताओं का घर-घर जाकर सत्यापन करने के निर्देश दिए।

डीएम ने अलीगंज मांटेसरी स्कूल के मतदान केंद्र संख्या 211, 212 और 213 के अलावा प्राथमिक विद्यालय चांदगंज के बूथ संख्या 218 और 219 का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं और अब तक छूटे पात्र नागरिकों का नाम प्राथमिकता से जोड़ा जाए। बीएलओ को यह भी निर्देश दिया गया कि जो आवेदन मिलें, उनकी फीडिंग उसी दिन पूरी की जाए।

राजनीतिक दलों को भी हर बूथ पर नियुक्त करना होगा BLA

मतदाता सूची को पारदर्शी और सही बनाने के लिए प्रशासन राजनीतिक दलों से भी सहयोग ले रहा है। निरीक्षण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें डीएम ने कहा कि सभी राजनीतिक दल हर मतदान केंद्र पर अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करें।

बीएलए और बीएलओ के बीच बेहतर तालमेल रहने से मतदाता सूची में गलतियों को पकड़ने और नए नाम जोड़ने में आसानी होगी। डीएम ने बताया कि 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे।

राजनीतिक दलों से अपील की गई है कि वे अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से अभियान में सक्रिय सहयोग करें। प्रशासन की कोशिश है कि पुनरीक्षण-2027 के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

Spread the love

Leave a Reply